नीमच जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की खुली पोल, दो घंटे बिजली गुल रहने से गर्मी में तड़पते रहे मरीज | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला अस्पताल में गुरुवार को व्यवस्थाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से अस्पताल की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई। बिजली बंद होने के कारण वार्ड, ओपीडी और प्रतीक्षालय में लगे पंखे बंद पड़े रहे, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाज के लिए पहुंचे कई लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक बिजली गुल रहने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।

इस दौरान बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ आए परिजन गर्मी से बेहाल नजर आए। अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी भी देखने को मिली, जिससे साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने के कारण दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में बिजली, स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की भी मांग की गई।

Top