नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर 1 जुलाई को चिकित्सकों के समर्पण, सेवा भावना और मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर गोमाबाई नेत्रालय परिवार ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर केवल बीमारियों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि मरीजों के जीवन में नई उम्मीद और विश्वास भी जगाते हैं। एक चिकित्सक बनने का सफर वर्षों की कठिन पढ़ाई, निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासित जीवन और अथक परिश्रम से होकर गुजरता है। अनेक परीक्षाओं और व्यावहारिक अनुभव के बाद ही डॉक्टर समाज की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार होता है

चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता के प्रति समर्पण का श्रेष्ठ माध्यम है। गोमाबाई नेत्रालय पिछले 34 वर्षों से मालवा एवं मेवाड़ क्षेत्र के लोगों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। संस्थान के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों ने लाखों मरीजों की नेत्र जांच, हजारों सफल ऑपरेशन तथा अनेक जरूरतमंदों को पुनः दृष्टि प्रदान कर उनके जीवन में नई रोशनी दी है। गोमाबाई नेत्रालय परिवार ने सभी चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में डॉक्टरों की भूमिका अतुलनीय है। उनके त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।