नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला चिकित्सालय नीमच के चिकित्सकों ने अपनी तत्परता और बेहतर उपचार से सर्पदंश के शिकार 15 वर्षीय किशोर अनमोल को नया जीवन दिया। रामपुरा क्षेत्र के ग्राम बुरावन निवासी अनमोल पिता गोपाल को 8 मई की रात करीब 3 बजे गर्दन पर किसी जहरीले जीव के काटने का आभास हुआ। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। परिजन तत्काल उसे सिविल अस्पताल रामपुरा लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर अनमोल की हालत बेहद नाजुक थी। मेडिकल विशेषज्ञ एवं आईसीयू प्रभारी डॉ. सतीश चौधरी ने जांच में पाया कि किशोर न्यूरो टॉक्सिक सर्पदंश का शिकार है। उन्होंने अपनी टीम के साथ तुरंत उपचार शुरू करते हुए 20 यूनिट एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए। करीब 3 दिन तक अनमोल आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझता रहा। चिकित्सकों ने लगातार मॉनिटरिंग और उपचार जारी रखा। आखिरकार उपचार रंग लाया और 3 दिन बाद उसे होश आया। 6 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद बुधवार को उसे पूर्ण स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने जिला चिकित्सालय और चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त किया।