भाजपा राज में सड़क और पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, आम आदमी पार्टी ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भाटखेड़ा से डूंगलावदा फंटे तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क तथा नीमच सिटी पुलिया इसकी मिसाल हैं। उनका आरोप है कि पहले भी फोरलेन निर्माण में घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि नीमच सिटी पुलिया पर जगह-जगह सीमेंट-कंक्रीट उखड़ चुका है और दरारों को छिपाने के लिए डामर बिछाया जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता किया गया है। आम आदमी पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जनता से भी ऐसे मामलों पर सवाल उठाने की अपील की है।

Top