नीमच टुडे न्यूज़। शहर स्थित सीआरपीएफ परिसर में मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन सीवरेज लाइन के चेंबर में दर्दनाक हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के दौरान एक मजदूर चेंबर में उतरा, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर भी चेंबर में उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका और उसकी भी जान चली गई।

मृतकों की पहचान झाबुआ जिले के नाहरपुर निवासी महेश तथा बिहार के सुपौल जिले के मेहसिमर निवासी रूपेश शाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेश अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि रूपेश अपने साथी को बचाने के प्रयास में हादसे का शिकार हो गए। दोनों शवों को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों मजदूरों की मौत जहरीली गैस के प्रभाव से हुई या चेंबर में दम घुटने के कारण। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।