मनासा के आंतरी माताजी गांव में रास्ते और जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, मां और दो बेटों पर जानलेवा हमला, एक की हालत गंभीर @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम आंतरी माताजी में शनिवार को जमीन की मेढ़ और करीब 30 वर्ष पुराने रास्ते के इस्तेमाल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार एक पक्ष द्वारा रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध करने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक ही परिवार की इंदिरा बाई और उनके दो बेटे विशाल सूर्यवंशी एवं जीतू सूर्यवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। परिजनों ने डायल 112 पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने के आरोप लगाए हैं। वहीं घायल पक्ष का कहना है कि पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़े। मनासा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
Top