नीमच टुडे न्यूज़ | जिले के बघाना थाना क्षेत्र स्थित एमपी ग्रीन इंडस्ट्रियल एरिया, झंझारवाड़ा की एक फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट के दौरान कार्यरत कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जीरन तहसील के ग्राम काशवी निवासी कवरलाल पिता भागू भील के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान कवरलाल के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इधर, घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 7 लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की मांग की है। उनका कहना है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, इसलिए शासन और संबंधित कंपनी को आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और संबंधित पक्षों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।