70 से अधिक पुलिसकर्मियों का पदोन्नति सम्मान, एसपी राजेश व्यास ने नई जिम्मेदारियों के साथ दिलाई नशामुक्ति की शपथ @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को आयोजित पदोन्नति सम्मान समारोह में आरक्षक से प्रधान आरक्षक तथा प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत हुए 70 से अधिक पुलिसकर्मियों का सम्मान किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। एसपी राजेश व्यास ने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।

समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, प्रभारी रेडियो निरीक्षक जितेंद्र रघुवंशी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पदोन्नत कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को मजबूत करना था।

Top