नीमच टुडे न्यूज़ । छह महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सफाईकर्मियों ने काम बंद कर दिया है। कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। वेतन के इंतजार में आर्थिक संकट झेल रहे सफाईकर्मियों ने जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बिजली बिल तक जमा नहीं कर पाने से कुछ कर्मचारियों के कनेक्शन कटने की बात भी सामने आई है। सफाईकर्मियों का आरोप है कि अपनी समस्या को लेकर प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।इधर हड़ताल के चलते रतनगढ़ की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कर्मचारियों के मुताबिक नगर में जगह-जगह गंदगी बढ़ रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है और स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें “ठेकेदार के आदमी” बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा जा रहा है। कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि बकाया वेतन और उनकी मांगों का समाधान होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।