नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 13 और 14 जुलाई को तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान कुल 0.191 किलोग्राम (191 ग्राम) मेफेड्रोन (एमडी) और 53.880 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई मंदसौर-सितामऊ मार्ग पर की गई, जहां एक आरोपी के कब्जे से 111 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई नन्दावता-करनाखेड़ी मार्ग पर हुई, जहां 80 ग्राम मेफेड्रोन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तीसरी कार्रवाई बेटीखेड़ी क्षेत्र में की गई, जहां 53.880 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। एजेंसी अब तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।