हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर नीमच की सड़कों पर उतरे ज्ञानोदय के विद्यार्थी, नशामुक्ति से बालिका सुरक्षा तक जगाई जागरूकता @NeemuchToday

 

नीमच टुडे न्यूज़ ।शहर में बुधवार को ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जन-जागरण रैली के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाए। दशहरा मैदान से शुरू हुई रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता से जुड़े पोस्टर और बैनर लेकर शामिल हुए।

मध्य प्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान से जुड़ी यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कमल चौक और बारादरी पहुंची। इसके बाद रैली फोर जीरो चौराहे पर संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने के साथ बालिका सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति लोगों को जागरूक किया।

एएसपी हेमलता अग्रवाल ने नशे को सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इसकी चपेट में आने वाला व्यक्ति अपने साथ परिवार को भी नुकसान पहुंचाता है। जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक युवा परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

रैली के समापन पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जन-जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में संस्था चेयरमैन अनिल चौरसिया, प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Top