नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित पेयजल योजनाओं और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकल ग्राम जल योजनाओं वाले गांवों में जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के समन्वय से जलकर की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
बैठक में नियमित जलकर वसूली करने और बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने मध्यप्रदेश जल निगम के अधिकारियों से कहा कि समूह जल प्रदाय योजनाओं के तहत जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में नल कनेक्शन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों एवं बड़े जल उपभोक्ताओं द्वारा जल उपयोग और जलकर भुगतान की नियमित समीक्षा करने तथा फैक्ट्रियों के अपशिष्ट जल के उपचार और पुनः उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समिति गठित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।