नीमच टुडे न्यूज़ | ग्राम पालसोड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ की कमी, रेतम नदी में प्रदूषण, खेल मैदान, सड़क निर्माण, शिक्षकों की पदस्थापना, अवैध वाहनों पर कार्रवाई, श्मशान भूमि, विद्युत व्यवस्था तथा नीलगायों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पिपलिया में 31 जुलाई तक नया ट्रांसफार्मर लगाने, 25 जुलाई को आधार पंजीयन शिविर आयोजित करने तथा लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और गांवों में ग्राम रक्षा समितियों के गठन पर जोर दिया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।