कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को दिए सख्त निर्देश, गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और बेहतर इलाज पर जोर @NeemuchToday

 

नीमच टुडे न्यूज़ |नीमच में कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला स्तरीय मातृ मृत्यु समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला का गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने सभी गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी बनाकर जानकारी अनमोल पोर्टल पर अपडेट करने, गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की शीघ्र पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने तथा नियमित रक्तचाप जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन, नवजात एवं शिशु मृत्यु, टीकाकरण, एनआईसीयू, एनबीएसयू और गृह आधारित नवजात देखभाल कार्यक्रम की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने आशा कार्यकर्ताओं को प्रत्येक नवजात की नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल रेफर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दस्तक अभियान, आयुष्मान भारत, क्षय उन्मूलन, परिवार कल्याण और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

Top