नीमच टुडे न्यूज़ | जावद स्थित गोरखनाथ आश्रम के संत पर हुए कथित हमले के विरोध में साधु-संतों का आक्रोश रविवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में संत समाज के लोग जावद पहुंचे और तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संत श्री भोजनाथ उर्फ सुखलाल के साथ मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने और आश्रम की जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संत समाज ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा तथा एसपी कार्यालय और संबंधित थाने का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न जिलों और प्रांतों से आए संत भी शामिल हुए।