केन्द्र सरकार के विरोध में आम आदमी पार्टी का पैदल मार्च, सोनम वांगचुक को हटाने की कार्रवाई और पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महान वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक को दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आमरण अनशन से पुलिस द्वारा हटाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी की जिला इकाई मंदसौर ने नीमच में पैदल विरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। साथ ही देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अनशन किया जाता है, तो सरकार को संवाद करना चाहिए, न कि पुलिस बल का प्रयोग करना चाहिए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार का यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। विरोध मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से निकाला गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश दिया। पार्टी के अनुसार, आम नागरिकों ने भी कई स्थानों पर मार्च का स्वागत करते हुए समर्थन जताया। मार्च में प्रदेश पेंशनर प्रकोष्ठ अध्यक्ष बालचंद वर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल, जिला संगठन सचिव चंद्रेश सेन, सत्यनारायण ओझा, नरेंद्र पाटीदार, अशोक सागर, लविश कनोजिया, जाकिर कबाड़ी, प्रह्लाद काबरा, उदयराम चौहान, रमेश गुर्जर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जानकारी मीडिया प्रभारी प्रकाश दोसावत ने दी।

Top