5 हजार मजदूरों की रोजी पर वार'... तुलाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का विरोध, मंडी में गरमाई सियासत @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कृषि उपज मंडी में प्रस्तावित नई तुलाई व्यवस्था को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कांग्रेस और किसान संगठनों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे किसानों और हम्माल मजदूरों के हितों के खिलाफ बताया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निर्णय वापस लेने और पुरानी व्यवस्था को जारी रखने की मांग की है।कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तुलाई शुरू होने पर मंडी में कार्यरत करीब पांच हजार हम्माल और मजदूरों की रोजी-रोटी पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि इस निर्णय से हजारों परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो सकती है। वहीं किसान संगठनों का कहना है कि कम मात्रा में उपज लेकर आने वाले किसानों को नई व्यवस्था में सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से किसानों और मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है। अब बढ़ते विरोध के बीच प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है, इस पर किसानों, व्यापारियों और मजदूरों की नजर बनी हुई है।

Top