नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला चिकित्सालय से जुड़ा एक अनोखा मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी एक परिवार का दावा है कि 26 वर्ष पहले जन्म के एक दिन बाद मृत हुए उनके नवजात ने हाल ही में सपने में आकर कहा, "मैं जिला अस्पताल में हूं, मुझे घर ले चलो।" इसके बाद परिवार अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विशेष अनुष्ठान करने के लिए नीमच पहुंचा। परिजनों के अनुसार वे पांच देवी-देवताओं, भोपा, जलती जोत और ढोल-नगाड़ों के साथ जिला चिकित्सालय परिसर पहुंचे, जहां धार्मिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उन्होंने अपनी आस्था के अनुरूप नवजात की आत्मा का पूजन कर उसे अपने साथ भीलवाड़ा ले जाने की धार्मिक रस्म निभाई। परिवार का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया उनकी वर्षों पुरानी धार्मिक मान्यता और सपने में मिले संकेत के आधार पर की गई। इस घटना को लेकर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच काफी चर्चा रही। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती और यह पूरी तरह परिवार की व्यक्तिगत आस्था एवं धार्मिक विश्वास पर आधारित है |