नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता राजनारायण लाड़ ने नगर पालिका की पेयजल व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 45 वर्षों से नगर पालिका में भाजपा का शासन होने के बावजूद शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि नगर पालिका प्रतिदिन जल प्रदाय के नाम पर पूरे महीने का जलकर वसूलती है, जबकि वर्तमान में दो दिन के अंतराल से पानी देने की व्यवस्था की जा रही है। लाड़ ने कला भाटा बांध और चंबल जल योजना सहित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाते हुए उनकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने मांग की कि जब तक प्रतिदिन जल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होती, तब तक जलकर में कमी की जाए और जितने दिन पानी की आपूर्ति हो, उसी अनुपात में शुल्क लिया जाए।