नीमच टुडे न्यूज़ | रामपुरा स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर की कृषि भूमि को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। मंदिर के पुजारी हर्षवर्धन उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि मंदिर की करीब 17 एकड़ कृषि भूमि पर दोबारा कब्जा कर लिया गया है। उनका कहना है कि कब्जाधारी उन्हें खेती नहीं करने दे रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं। पुजारी का दावा है कि प्रशासन पहले इस भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई कर चुका था, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने फिर से जमीन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कई बार शिकायत करने और वारंट जारी होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनकी सुरक्षा और मंदिर की संपत्ति दोनों खतरे में हैं।ज्ञापन के माध्यम से पुजारी ने जिला प्रशासन से मंदिर की भूमि को कब्जामुक्त कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा स्वयं और मंदिर की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। अब इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।