नीमच टुडे न्यूज़ | निम्बाहेड़ा लायंस क्लब निम्बाहेड़ा गोल्ड ने नेत्रदान महादान की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिवंगत सरदार कुलवंत सिंह अरोड़ा के निधन के बाद उनके पुत्र अमन सिंह अरोड़ा की सहमति से नेत्रदान संपन्न कराया। राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत क्लब साथी लायन सरदार तेजेंद्र पाल सिंह की प्रेरणा से यह प्रेरणादायी पहल की गई। क्लब के आई डोनेशन चेयरमैन लायन डॉ. हरिओम तुरकिया ने बताया कि यह क्लब के वर्तमान सत्र का पहला तथा अब तक का 30वां नेत्रदान है। गोमाबाई नेत्रालय, नीमच के कमल शंकर नागदा ने नेत्र सुरक्षित रूप से प्राप्त कर प्रत्यारोपण के लिए भेजे। इस नेत्रदान से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में लायन राजेंद्र जारौली सहित क्लब के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अरोड़ा परिवार के इस प्रेरणादायी और मानव सेवा से जुड़े निर्णय की सराहना की।