नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिलेभर से पहुंचे 117 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान फसल नुकसान के मुआवजे, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, निजी भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पारिवारिक प्रताड़ना, मंदिर भूमि पर कब्जा और अवैध अतिक्रमण सहित कई मामलों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई कर शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है और हर आवेदन पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।