नीमच टुडे न्यूज़ | अंतरराष्ट्रीय सेवा संस्था इनरव्हील क्लब नीमच के सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस दौरान सिम्मी सलूजा ने अध्यक्ष और अल्का श्रीवास्तव ने सचिव पद का कार्यभार संभाला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएसपी हेमलता अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष चित्रा परिहार एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा और सचिव प्रेरणा शर्मा ने बीते सत्र में हुए सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जरूरतमंद दिव्यांग को ट्रायसाइकिल, एक छात्रा को साइकिल तथा प्रभात फेरी में शामिल 15 महिलाओं को रेनकोट वितरित किए गए। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सरोज गांधी का सम्मान भी किया गया। डीएसपी हेमलता अग्रवाल ने समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का संदेश दिया। वहीं नई अध्यक्ष सिम्मी सलूजा ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जरूरतमंदों की सेवा करने तथा क्लब की सामाजिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में नई सदस्याओं का स्वागत कर उन्हें क्लब की सदस्यता भी प्रदान की गई।