नीमच टुडे न्यूज़ | जावद तहसील के ग्राम लोड़किया निवासी किसान मोहन सिंह ने खेत तक जाने का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। किसान का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने वर्षों पुराने खेत के रास्ते पर अवरोध खड़ा कर दिया है, जिससे खेती का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि खेत तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और उन्हें वहां जाने से भी रोका जा रहा है। मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर वे पहले जनसुनवाई, तहसीलदार कार्यालय और संबंधित थाने में कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। किसान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खेत का रास्ता तत्काल खुलवाया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और रास्ता रोकने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब इस शिकायत पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और किसान को राहत कब तक मिलती है, इस पर ग्रामीणों की भी नजर बनी हुई है।