नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विश्व हिन्दू परिषद की मातृशक्ति इकाई द्वारा श्री गोधाम बालाजी मंदिर गौ सेवा केंद्र एवं पक्षी विहार परिसर में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग आयोजित किया गया। चार सत्रों में संपन्न हुए इस वर्ग में बच्चों और मातृशक्ति को भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म एवं संस्कारों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला ने बाल संस्कार केंद्रों की आवश्यकता और भारतीय संस्कृति में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला बाल संस्कार केंद्र प्रमुख लता गर्ग ने बच्चों में संस्कार एवं सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करने के तरीकों की जानकारी दी।
विभाग संयोजिका रेखा वर्मा ने बाल संस्कार केंद्रों की उपयोगिता पर अपने विचार रखे, जबकि जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने में ऐसे केंद्रों की भूमिका बताई। मातृशक्ति जिला सहसंयोजिका उर्वशी रावत शाह ने कहा कि बाल संस्कार केंद्रों का उद्देश्य बच्चों में नैतिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों का विकास कर संस्कारित पीढ़ी तैयार करना है। कार्यक्रम का संचालन भी उन्होंने किया। अभ्यास वर्ग में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां, अमृत वचन, एकल गीत तथा मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम में विहिप के पदाधिकारी, मातृशक्ति की सदस्याएं एवं बाल संस्कार केंद्रों से जुड़े बच्चे शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार वर्ग में 60 मातृशक्तियों, 36 बच्चों सहित 100 से अधिक लोगों की सहभागिता रही।