नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में श्री जैन श्वेतांबर भीडभंजन ट्रस्ट श्रीसंघ के तत्वावधान में 26 जुलाई से ज्ञानोत्सव चातुर्मास का शुभारंभ होगा। चातुर्मास के दौरान साध्वी अमी पूर्णा श्रीजी महाराज साहब, अमी दर्शा श्रीजी, नगर की लाडली बिटिया साध्वी मृदुपूर्णा श्रीजी एवं साध्वी जिनांगपूर्णा श्रीजी सहित ठाणा-10 का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। श्रीसंघ अध्यक्ष अनिल नागौरी और सचिव मनीष कोठारी ने बताया कि आषाढ़ सुदी बारस, रविवार 26 जुलाई को सुबह 9 बजे मंगल प्रवेश जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन सुबह 9:15 से 10:15 बजे तक श्री अखेसिंह कोठारी-रेशम देवी कोठारी आराधना भवन, पुस्तक बाजार में नियमित प्रवचन होंगे। चातुर्मास के दौरान विविध आराधना, तप, अनुष्ठान एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की उम्मीद है। इधर, 22 जुलाई बुधवार को विश्व प्रसिद्ध गढ़ रणथंभौर गणेशजी की निःशुल्क मंगल ज्योत (यज्ञ-हवन) का आयोजन शहर के विभिन्न मंदिरों में किया जाएगा। प्रमुख आयोजन स्वयं सिद्धि विनायक गणेश मंदिर, बलिराम हेडगेवार प्राइवेट बस स्टैंड पर शाम 6:30 बजे से होगा। इसके अलावा दशहरा मैदान, कीर्ति नगर, गणपति नगर, टीचर कॉलोनी और स्टेशन रोड स्थित मंदिरों में भी निर्धारित समय पर मंगल ज्योत, हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर उपस्थित होकर यज्ञ में आहुति देने का आग्रह किया है।