वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ की मासिक बैठक संपन्न, श्रमिक हितों और सरकारी योजनाओं पर हुआ मंथन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जावरा स्थित सीताराम बाग में अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ, जिला रतलाम की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रतलाम, जावरा, नीमच एवं आसपास के क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला संयोजक राजू खराड़ी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का केसरिया दुपट्टा पहनाकर स्वागत करते हुए "भारतीय मजदूर संघ अमर रहे" और "मजदूर एकता जिंदाबाद" के जयघोष के साथ की। बैठक में संगठन विस्तार, श्रमिकों की समस्याओं तथा शासन-प्रशासन की विभिन्न जनहितैषी एवं श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय मंत्री भेरूलाल खदेड़ा ने अपने संबोधन में मजदूर वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र श्रमिकों तक इनका लाभ पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मजदूरों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार ने कहा कि संगठन लगातार श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर मजदूरों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आग्रह किया। बैठक में विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Top