रोगी कल्याण समिति की बैठक में जिला अस्पताल की सुविधाएं होंगी और बेहतर, कलेक्टर ने दिए कई अहम निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला चिकित्सालय नीमच की रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में एसएनसीयू और पीआईसीयू को लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट से जोड़ने, अस्पताल परिसर में शेड निर्माण, मातृत्व वार्ड में आवश्यक कार्य, ओपीडी में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था, रक्त वितरण केंद्र की मरम्मत, नए कक्षों का निर्माण, वार्डों के लिए नए मैट्रेस, क्रिटिकल केयर ब्लॉक को ऑक्सीजन और ट्रॉमा सेंटर से जोड़ने तथा सीएसआर मद से आधुनिक लॉन्ड्री मशीन उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। पुराने मातृत्व विंग और क्षय रोग इकाई के स्थान पर नए भवन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अस्पताल में साफ-सफाई बेहतर रखने, वार्डों में अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने, मरीजों के परिजनों के लिए व्यवस्थित प्रतीक्षा व्यवस्था विकसित करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की आय बढ़ाने के संभावित स्रोतों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

 

Top