नीमच टुडे न्यूज़ | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप पशुपालकों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए जिले में दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में 13 जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत विभागीय टीम घर-घर पहुंचकर पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, नस्ल सुधार, पशु पोषण और स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी दे रही है। जिले में 3 से 4 गोवंश या भैंसवंशीय पशुधन रखने वाले 10,084 पशुपालकों की पहचान की गई है। इनमें से 20 जुलाई तक 8,160 पशुपालकों के यहां गृहभेंट कर आवश्यक जानकारी और शासन के 'गोरस एप' की जानकारी उपलब्ध कराई जा चुकी है। अभियान की गुणवत्ता की निगरानी राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश शर्मा ने भी जिले का दौरा कर की। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पशुपालकों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है।