25 जुलाई को निःशुल्क पुस्तक एवं नोटबुक वितरण करेगा पालक महासंघ, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | पालक महासंघ मध्यप्रदेश की जिला इकाई नीमच द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहन देने और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता के उद्देश्य से 25 जुलाई, शनिवार को निःशुल्क पुस्तक एवं नोटबुक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे श्री नूतन विद्यालय, भागेश्वर मंदिर के पास, नीमच में आयोजित होगा। कार्यक्रम में विद्यालय के एजुकेशन डायरेक्टर नरेंद्र व्यास, प्राचार्या कृतिका अहीर, प्रधानाध्यापक निश्चल जोशी तथा पालक महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान कक्षा 9वीं एवं 10वीं के उन विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की जाएंगी, जो आर्थिक कारणों से अभी तक अपनी किताबें नहीं खरीद सके हैं। वहीं कक्षा 6 से 8वीं के विद्यार्थियों को कॉपियां तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं को नोटबुक वितरित की जाएंगी। यह सेवा कार्य नूतन विद्यालय के पूर्व छात्र एवं उप पुलिस अधीक्षक (झाबुआ) कमलेश शर्मा तथा पालक महासंघ मध्यप्रदेश, जिला इकाई नीमच के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। पालक महासंघ ने सभी पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर कार्यक्रम में पहुंचकर इसका लाभ लेने और शिक्षा को बढ़ावा देने के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

Top