खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात, 23 जुलाई से नीमच में शुरू होगी राज्य स्तरीय ट्रायथलॉन और एक्वाथलॉन प्रतियोगिता, 20 जिलों के 225 खिलाड़ी दिखाएंगे दम | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर 23 से 26 जुलाई तक प्रदेश के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक 30वीं मध्यप्रदेश सब जूनियर, जूनियर, सीनियर एक्वाथलॉन एवं ट्रायथलॉन प्रतियोगिता-2026 की मेजबानी करेगा। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला ट्रायथलॉन संघ नीमच द्वारा किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के लगभग 20 जिलों से 225 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को लगातार 750 मीटर तैराकी, 20 किलोमीटर साइकिलिंग और 5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों की फिटनेस, सहनशक्ति और मानसिक मजबूती की कठिन परीक्षा मानी जाती है। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों के लिए रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन से पहले प्रतियोगिता स्थल और शहर के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने कहा कि राज्य स्तरीय खेल आयोजन की मेजबानी नीमच के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और बाहर से आने वाले खिलाड़ियों व मेहमानों का आत्मीय स्वागत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर ही नीमच की सकारात्मक पहचान को मजबूत करेगा।

Top