नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदसौर और नीमच जिले में दो अलग-अलग ऑपरेशन में कुल 1,093.090 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, एक टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल और डोडाचूरा पीसने में उपयोग की जा रही एक चक्की भी जब्त की गई है। पहली कार्रवाई मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम आकली में की गई।

सीबीएन को सूचना मिली थी कि एक मकान में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा जमा कर उसे चक्की से पीसकर पाउडर के रूप में तस्करी की तैयारी की जा रही है। संयुक्त टीम ने दबिश देकर मकान से 46 बोरियों में भरा 898.180 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया और मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी कार्रवाई नीमच जिले के मनासा-रामपुरा बाईपास रोड पर की गई। यहां एक अर्टिगा कार और उसकी पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। कार से 194.910 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। दोनों वाहनों को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सीबीएन ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।