जंतर-मंतर से उठी चिंगारी, नीमच में शुरू हुआ आंदोलन छात्रों के समर्थन में अंबेडकर सर्कल पर अनिश्चितकालीन धरना | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की गूंज अब नीमच तक पहुंच गई है। जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में विभिन्न संगठनों ने अंबेडकर सर्कल स्थित मेसी शोरूम के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के बैनर तले अंबेडकर सर्कल स्थित मेसी शोरूम के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरना स्थल पर लगाए गए बैनरों में छात्रों के आंदोलन, कथित लाठीचार्ज की तस्वीरें और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" सहित विभिन्न मांगें प्रदर्शित की गईं। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार अग्रवाल ने आरोप लगाया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और अपने भविष्य की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं जयस जिलाध्यक्ष बद्रीलाल मोहन ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और सम्मान की लड़ाई है। प्रदर्शनकारियों ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किए जाने की मांग उठाई।

Top