अब नाबालिगों को वाहन देना पड़ेगा भारी, सड़क पर मिले तो अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई, पुलिस ने शुरू किया विशेष जांच अभियान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस चोपड़ा चौराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगातार वाहन जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि कोई नाबालिग दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाते हुए मिलता है तो उसके अभिभावकों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी जा रही है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश नाबालिगों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता और अनुभव की कमी के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में केवल वाहन चला रहे नाबालिग ही नहीं, बल्कि वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया गया तो नियमानुसार अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

Top