राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में नीमच कांग्रेस का प्रदर्शन, विजय टॉकीज चौराहे पर फूंका केंद्र सरकार का पुतला | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में विजय टॉकीज चौराहे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों के हितों की बात उठाई, लेकिन उनकी गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा संबंधी मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान करने की मांग की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसमें पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, संगठन महासचिव बृजेश मित्तल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Top