नीमच टुडे न्यूज़ | जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति और राजस्व मामलों की समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने तथा लगातार लंबित प्रकरण रखने वाले विभागों को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर शीघ्र निर्णय लेने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया। सीईओ ने श्रम विभाग को प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए हादसे की विस्तृत जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा घायल श्रमिक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उसकी स्थिति जानने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका को शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाने और राजस्व अधिकारियों को रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने सहित निराकृत मामलों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।