नीमच टुडे न्यूज़ |नीमच जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के सारण निवासी 25 वर्षीय अर्जुन पिता देवा बंजारा को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा पिकअप, एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 79.22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी जाट एवं रतनगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान की, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।