ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने ली नशामुक्ति की शपथ, नीमच पुलिस का जागरूकता अभियान जारी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत नीमच जिले में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के 10वें दिन पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने नगरपालिका नीमच के तरणताल में आयोजित 30वीं मध्यप्रदेश स्टेट ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इस दौरान खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया।

इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। नीमच कैंट थाना क्षेत्र की कृषि उपज मंडी, नीमच सिटी थाना क्षेत्र के मॉडर्न पब्लिक स्कूल जावी, रामपुरा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सिंगोली एवं कुकड़ेश्वर बस स्टैंड पर कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और आमजन को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। नीमच पुलिस ने नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Top