हायर सेकेंडरी मैदान में CM राइज स्कूल निर्माण का विरोध, खिलाड़ियों ने कहा- खेल मैदान बचाओ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के हायर सेकेंडरी मैदान में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल निर्माण के विरोध में रविवार को खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और फुटबॉल खिलाड़ियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मैदान को शहर की खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग करते हुए प्रशासन से स्कूल का निर्माण किसी अन्य स्थान पर कराने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन में शामिल खिलाड़ियों का कहना था कि यदि मैदान में स्कूल का निर्माण होता है तो इसका उपयोग मुख्य रूप से विद्यालय तक सीमित हो जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ी नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए मैदान से वंचित हो जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ियों ने कहा कि यह मैदान वर्षों से उनकी खेल साधना का केंद्र रहा है और शहर के प्रमुख खेल मैदानों में से एक है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस विषय पर पहले भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायतें और सुझाव दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने प्रशासन से खिलाड़ियों की भावनाओं और शहर की खेल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सीएम राइज स्कूल के लिए वैकल्पिक स्थान तय करने की मांग की है।

Top