साध्वी संवेगा प्रिया सहित ठाणा-6 का भव्य मंगल प्रवेश, शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ चातुर्मास | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | धर्मनगरी नीमच रविवार को एक और भव्य धार्मिक आयोजन की साक्षी बनी, जब श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रीसंघ नीमच सिटी के तत्वावधान में साध्वी संवेगा प्रिया श्रीजी महाराज साहब सहित ठाणा-6 का मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों, पुष्पवर्षा और मंगलगान के बीच साध्वी वृंद का भावपूर्ण स्वागत किया। पूरे आयोजन में जैन समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

सुंदरस मैरिज गार्डन से प्रारंभ हुई शोभायात्रा शांतिनाथ जैन मंदिर सहित विभिन्न मार्गों से होकर धर्मसभा स्थल पहुंची, जहां चातुर्मास का शुभारंभ हुआ। साध्वी संवेगप्रिया श्रीजी, चित्रप्रिया श्रीजी, परशप्रिया श्रीजी, प्रभुप्रिया श्रीजी, पार्श्वप्रिया श्रीजी एवं महाश्री प्रिया श्रीजी महाराज साहब के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया। श्रीसंघ ने बताया कि चातुर्मास के दौरान नवकार आराधना, पर्युषण महापर्व, प्रवचन, वीर निर्वाण महोत्सव सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रीसंघ अध्यक्ष गुणवंतलाल सेठिया और परिषद अध्यक्ष एडवोकेट संदीप लोढ़ा ने सभी श्रद्धालुओं से चातुर्मास के विविध धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने की अपील की।

Top