नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर में शिवना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चल रहा शिवना शुद्धिकरण अभियान रविवार को 135वें दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। हल्की बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रमदानियों ने नदी में उतरकर जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा, गाजर घास और अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई की। अभियान के दौरान नदी से एक ट्रॉली कचरा बाहर निकाला गया। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप छोटी पुलिया के घाटों की विशेष सफाई की गई तथा नदी किनारे उगी झाड़ियों की कटाई भी की गई। पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण कर उनके संरक्षण पर भी ध्यान दिया गया। इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने कहा कि शिवना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प हर हाल में पूरा होगा। उन्होंने इसे केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण का जनआंदोलन बताते हुए नागरिकों से नदी में कचरा नहीं फेंकने और निर्धारित स्थानों पर ही अपशिष्ट डालने की अपील की। विधायक ने सभी मंदसौरवासियों से प्रत्येक रविवार सुबह 7 से 9 बजे तक श्रमदान में शामिल होकर इस अभियान को जनभागीदारी से और मजबूत बनाने का आह्वान किया। अभियान में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।