जमुनिया में फिर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, अधूरी सड़क और खतरनाक ढलान पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जमुनिया गांव में अधूरी सड़क और खतरनाक ढलान एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। सोमवार को अधिक ढलान और फिसलन के कारण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर आधे घंटे के भीतर कई लोग फिसलकर घायल हुए थे, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने, खतरनाक ढलान को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है।

Top