नीमच टुडे न्यूज़ | पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन को पहली बड़ी सफलता मिलने का दावा करते हुए नीमच में आंदोलनकारियों ने शनिवार शाम जश्न मनाया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कई दिनों से अंबेडकर सर्कल स्थित मेस्सी शोरूम के पास चल रहा धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
इसके बाद जयस कार्यकर्ताओं, छात्रों और अन्य आंदोलनकारियों ने प्लेटिनम चौराहे पर एकत्र होकर आतिशबाजी की, एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान देशहित में नारे लगाए गए और आंदोलन को छात्रों की आवाज की पहली बड़ी जीत बताया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में से एक पूरी होने के बाद फिलहाल धरना स्थगित किया गया है, लेकिन छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर उनका संघर्ष लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल आंदोलन का पहला पड़ाव है और शेष मांगों के समाधान तक आवाज उठाई जाती रहेगी।