प्रदेश को 24 नई ट्रेनें, नीमच-मंदसौर को एक भी नहीं; कांग्रेस ने सांसद सुधीर गुप्ता से मांगा जवाब | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान 10 वंदे भारत और 14 अमृत भारत ट्रेनों के संचालन के बावजूद नीमच-मंदसौर संसदीय क्षेत्र को एक भी नई ट्रेन नहीं मिलने पर सांसद सुधीर गुप्ता को घेरते हुए जवाब मांगा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि रेल मंत्रालय ने राज्यसभा में लिखित उत्तर में मध्यप्रदेश को मिली नई ट्रेनों की जानकारी दी है, लेकिन नीमच-मंदसौर क्षेत्र को इन सेवाओं से वंचित रखा गया।

बाहेती ने आरोप लगाया कि सांसद क्षेत्र के लिए आधुनिक रेल सुविधाएं दिलाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उनका कहना है कि नीमच-मंदसौर कृषि, व्यापार, अफीम उत्पादन और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद क्षेत्र को न तो वंदे भारत और न ही अमृत भारत ट्रेन का लाभ मिला।

उन्होंने यह भी कहा कि आज तक नीमच से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं होना क्षेत्र की उपेक्षा को दर्शाता है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से नीमच-मंदसौर के लिए वंदे भारत या अमृत भारत ट्रेन शुरू करने तथा दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही सांसद सुधीर गुप्ता से सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने को कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र को नई ट्रेनों का लाभ क्यों नहीं मिल सका।

Top