कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, नीमच के शहीद पार्क में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को नीमच के शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और एनसीसी कैडेट्स ने वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सभी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और देश सेवा को याद किया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान ने देश का गौरव बढ़ाया और हर नागरिक को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ।

Top