खेत की मिट्टी धंसने की शिकायत लेकर किसान पहुंचा कलेक्ट्रेट, पड़ोसी पर अवैध खुदाई का लगाया आरोप | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के भरभड़िया गांव के किसान राजेंद्र पाटीदार ने खेत की सुरक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में शिकायत दर्ज कराई है। किसान का आरोप है कि पड़ोसी रामचंद्र ने अपनी जमीन पर बिना अनुमति गहरी खुदाई कर मिट्टी बेच दी, लेकिन सुरक्षा के लिए दीवार नहीं बनाई। इससे बारिश के दौरान उसके खेत की उपजाऊ मिट्टी लगातार धंस रही है और फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। पीड़ित का कहना है कि कई बार दीवार बनाने की बात कहने पर केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ। उनका आरोप है कि खुदाई के कारण खेत की जमीन कमजोर हो गई है और लगातार कटाव हो रहा है। किसान ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध खुदाई पर कार्रवाई करने, सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाने तथा खेत को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।

Top