रातभर बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश, फैक्ट्रियों को निर्बाध सप्लाई देने का लगाया आरोप | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के खड़ावदा, बिसलवास और समावली गांवों के ग्रामीण सोमवार को अनियमित बिजली कटौती से परेशान होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों में रात के समय बार-बार बिजली काटी जाती है, जबकि आसपास की फैक्ट्रियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने नियमित रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार रात में कभी 9 बजे तो कभी 10 बजे बिजली बंद कर दी जाती है। पूरी रात एक-एक घंटे बिजली देने के बाद डेढ़-डेढ़ घंटे की कटौती की जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शिकायत करने पर बिजली विभाग इसे "लोड सेटिंग" बताकर जिम्मेदारी से बचता है। ग्रामीण तेजपाल सिंह गठोर ने आरोप लगाया कि लगातार अंधेरा रहने से सांप, बिच्छू और जंगली जानवरों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती के कारण किसी की जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।

Top