'बैनर हटाने के नाम पर किया जा रहा परेशान'... दुकानदार ने लगाई न्याय की गुहार | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर में बैनर हटाने को लेकर विवाद सामने आया है। मोती टॉकीज के सामने स्थित परफेक्ट ऑनलाइन सेंटर के संचालक नेपाल सिंह चंदावत ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी दुकान के सामने लगा बैनर निजी सीमा में है और किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं है, इसके बावजूद बार-बार उसे हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। दुकानदार का आरोप है कि एक व्यक्ति सत्ता का प्रभाव दिखाकर बैनर हटाने की धमकी देता है और अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। उन्होंने यह भी शिकायत की कि पड़ोसी ने सार्वजनिक नाली बंद कर दी है तथा सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण किया है, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।

Top