नीमच टुडे न्यूज़ | खरीफ 2025 फसल बीमा राशि नहीं मिलने से नाराज नीमच जिले के सुवाखेड़ा, पालसवड़ा, खेड़ा-खेड़ा, लसूर सहित कई गांवों के किसान मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि फसल को नुकसान होने के बावजूद उन्हें बीमा क्लेम से वंचित कर दिया गया, जबकि आसपास के गांवों के किसानों को बीमा राशि जारी कर दी गई। किसानों ने आरोप लगाया कि उनके गांवों में वास्तविक नुकसान के बावजूद रिकॉर्ड में 'जीरो प्रतिशत नुकसान' दर्ज कर दिया गया, जिससे पात्र किसान भी बीमा लाभ से वंचित रह गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी किसानों का समर्थन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। किसानों ने सर्वे सूची सार्वजनिक करने, बीमा दावों की दोबारा जांच कराने और सभी पात्र किसानों को शीघ्र बीमा राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, इन आरोपों पर संबंधित विभाग और बीमा कंपनी की प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।