नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शिकायतकर्ता अपनी समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज होकर घासलेट लेकर पहुंच गया। पीड़ित ने अधिकारियों के सामने खुद पर घासलेट उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय रहते उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित चांदमल पिता नंदलाल चरण का आरोप है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायत को लेकर सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि गाडमरा गांव में सुनीलचंद चरण, कैलाशचंद चरण और बद्दू बाई द्वारा अतिक्रमण किया गया है। विरोध करने पर उन्हें धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और दोबारा कलेक्टर कार्यालय जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।घटना के बाद अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को समझाइश देकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।